Politics

भाजपा ने शिव देशवाल को बनाया जयपुर देहात दक्षिण जिला पंचायत चुनाव प्रभारी

📅 05 Oct 2026🕐 07:01 PM
भाजपा ने शिव देशवाल को बनाया जयपुर देहात दक्षिण जिला पंचायत चुनाव प्रभारी

डेगाना। आगामी त्रि-स्तरीय पंचायत चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने प्रदेश उपाध्यक्ष एवं भाजपा ओबीसी मोर्चा राजस्थान के नेता, डेगाना निवासी शिव देशवाल को जयपुर देहात दक्षिण जिले का पंचायत चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है।

पार्टी की ओर से उन्हें जिला परिषद, पंचायत समिति और ग्राम पंचायत चुनावों की तैयारियों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नई जिम्मेदारी के तहत देशवाल जयपुर देहात दक्षिण क्षेत्र में पार्टी के संगठनात्मक समन्वय, चुनावी तैयारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद को गति देंगे।

शिव देशवाल भाजपा संगठन में लंबे समय से सक्रिय हैं। इससे पहले भी वे संभाग स्तर पर नगर निकाय चुनाव में पार्टी के प्रभारी की भूमिका निभा चुके हैं। पार्टी अब उनकी संगठनात्मक सक्रियता और अनुभव का उपयोग पंचायत चुनावों की तैयारियों में करेगी।

नई जिम्मेदारी के तहत बूथ और ग्राम पंचायत स्तर तक संगठन को सक्रिय करने, कार्यकर्ताओं की बैठकें आयोजित करने तथा क्षेत्रवार चुनावी तैयारियों की समीक्षा करने पर जोर रहेगा। कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से फीडबैक लेकर चुनावी रणनीति को मजबूत किया जाएगा।

शिव देशवाल की नियुक्ति पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश नेतृत्व और प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ का आभार जताते हुए इसे संगठन के लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी बताया है।