डेगाना पालिका अध्यक्ष राधाकिसन बिन्दा का अभिनंदन, वरिष्ठ नागरिक समिति ने रखीं मांगें
डेगाना। सोमवार को चिल्ड्रन पार्क में आयोजित समारोह में वरिष्ठ नागरिक सेवा समिति डेगाना की ओर से नवनिर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष राधाकिसन बिन्दा एवं पार्षद कैलाश पारीक का माला, साफा एवं दुपट्टा पहनाकर अभिनंदन किया गया।
समारोह में समिति पदाधिकारियों ने चिल्ड्रन पार्क की बदहाल स्थिति सुधारने, रात में होने वाली राजनीतिक गतिविधियों पर रोक लगाने तथा पार्क में पर्याप्त लाइट एवं सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग रखी। पालिका अध्यक्ष राधाकिसन बिन्दा ने मांगों को तत्काल स्वीकार करते हुए कहा कि एक-दो दिन में पार्क के विकास के लिए बजट आवंटित कर कार्य शुरू करवाया जाएगा।
कार्यक्रम में पार्क के महत्व पर चर्चा करते हुए डॉ. संजय केडिया ने कहा कि पूर्व राजस्थान प्रशासनिक सेवा अधिकारी प्रभावीलाल जाट ने विपरीत परिस्थितियों में अतिक्रमण हटवाकर पार्क का निर्माण करवाया था। शहर के बीच स्थित यह पार्क आमजन, मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए उपयोगी है।
इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिक सेवा समिति की नई कार्यकारिणी का भी गठन किया गया। कन्हैयालाल स्वर्णकार को पुनः अध्यक्ष, गिरवर सिंह सिरसवा को सचिव तथा भंवरलाल सारण को कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया।
उपाध्यक्ष पद पर कालूराम मुंडेल, कालू मोहम्मद छीपा, जुगलकिशोर दाधीच, नेमीचंद तोपनीवाला एवं द्वारकाप्रसाद हेड़ा को जिम्मेदारी दी गई। वहीं कमलेश नारायण व्यास को विधि सलाहकार, डॉ. आर.के. चौधरी को संगठन मंत्री तथा मोतीराम मुंडेल को प्रचार मंत्री बनाया गया।
सलाहकार के रूप में रामकुमार आसोपा, गोपाल पाराशर, गणेशराम प्रजापत एवं रामदेव सोनी तथा संरक्षक के रूप में डॉ. के.सी. माथुर, डॉ. भंवर सिंह राठौड़ एवं लक्ष्मण सिंह बाहतर को मनोनीत किया गया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष कन्हैयालाल स्वर्णकार ने कहा कि समिति जनकल्याण एवं सामाजिक सरोकारों के लिए लगातार कार्य करती रहेगी तथा अधिक से अधिक नए सदस्यों को संगठन से जोड़कर आगामी दिनों में नई कार्ययोजना बनाई जाएगी। समारोह में समिति के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
